बुधवार, नवंबर 20, 2013

10 सालों में प्रदेश नहीं भाजपा के मंत्रियों का हुआ विकास: निरूपम


पूर्व विधानसभा के कटरा अधारताल कटरा तिराहे पर हुई आमसभा, सतीश चतुर्वेदी ने भी दिखाए तेवर

                      
भारतीय जनता पार्टी के शिवराज सिंह चौहान जिस विकास की बात करते हैं वह तो प्रदेश में कहीं नजर नहीं आता हाँ यह बात जरूर है कि पिछले 10 साल के भाजपा शासन काल में प्रदेश सरकार के सारे मंत्रियों का विकास जरूर हुआ  है। यह कहना है कांग्रेस के प्रवक्ता एवं महाराष्ट्र के सांसद संजय निरूपम का। वे यहां अधारताल में कांग्रेस प्रत्याश लखन घनघोरिया के समर्थन में आयोजित  आम सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन काल होते हुए जिस सादगी से विधायक लखन घनघोरिया ने क्षेत्र में कार्य किया और लोकप्रिय हुए उसे कायम रखने के लिए जनता से अपील की कि उनका दोबारा चयन करें। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में करोड़ों रुपए की राशि सिर्फ विज्ञापनों में उड़ा दी। पिछले चुनावों में भी भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में कई वादे किए 24 घंटे गांवों में बिजली देने की बात कहीं लेकिन हालात ये हैं कि गांवों में एक घंटे भी बिजली मुश्किल से मिल पा रही है। कि लाडली और अन्य नामों से बच्चियों के लिए योजना चलाई लेकिन आंकड़े उठाकर देखें पिछले 10 सालों में जिस तरह प्रदेश में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों के अनुपात में जो कमी आई वो पूरे देश में सबसे कम हैं। प्रदेश में 42 प्रतिशत बच्चे कुपोषण का शिकार बन गए। किसानों के कर्ज माफ करने की घोषणा की थी बाद में एक किसान का भी कर्ज माफ नहीं किया। श्री निरूपम ने कहा कि प्रदेश  में इसके   बावजूद भाजपा नागरिकों के आंखों में धूल झौंक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अनेक सीएम प्रदेश देख चुकी है लेकिन अब तक किसी कांग्रेसी सीएम को अपने घर में नोट गिनने की मशीन नहीं खरीदनी पड़ी। उन्होंने कहा कि सीएम ही नहीं सीएम के साले और भाईयों के कारनामों की तो सीडी भी जारी हो चुकी है। सभा के दौरान महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के पर्यवेक्षक सतीश चतुर्वेदी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव, आजम खान, टीकाराम कोष्टा सहित अनेक कांग्रेस जन उपस्थित थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे विवादित
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के पर्यवेक्षक सतीश चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस को उनसे बेहतर कोई समझ नहीं सकता क्योंकि वो उसी क्षेत्र से 25 सालों तक नागपुर के उस क्षेत्र से विधायक चुने गए जो संघ का मुख्यालय कहलाता है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘सौगंध राम की खाते हैं हम मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे’ उन्होंने कहा कि भाजपा में ऊपर से नीचे तक प्रतिनिधियों में कथनी और करनी में फर्क रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसका पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रिश्वत खोरी में तिहाड़ जेल में बंद है। दूसरा अध्यक्ष नितिन गडकरी पर इंकम टैक्स का छापा किसी से छिपा नहीं है और तीसरा अध्यक्ष वह है जिसे भ्रष्टाचार की वजह से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा जो देश का इतिहास नहीं जानते वे देश का भविष्य निर्माण भी नहीं कर सकते।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें